आप नेता कुमार विश्वास ने 'बाबा साहब अंबेडकर' पर की आपत्तिजनक टिप्पणी!
आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य और राजस्थान पर्यवेक्षक कुमार विश्वास ने भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। आम आदमी पार्टी के एक कार्यक्रम में पार्टी वर्करों को संबोधित करते हुए कुमार विश्वास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
इसमें कुमार विश्वास कह रहे हैं-एक आदमी आकर जातिवाद की रीढ़ डाल गया था हमारे देश में रिजर्वेशन आंदोलन के नाम पर। उससे पहले झगड़ा नहीं था। वो आदमी, वो आंदोलन पूरा हमारा जातीय ढांचा तोडक़र चला गया। कुमार विश्वास ने हालांकि बाबा साहब अंबेडकर का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को बाबा साहब अंबेडकर से जोडक़र देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह 1 मिनट 7 सेकेंड का है। असल में 2 अक्टूबर 2017 को गांधी जयंती के दिन आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के आईटीओ स्थित कार्यालय में एक कार्यक्रम रखा गया था। इसमें कुमार विश्वास राजस्थान के पर्यवेक्षकों और राजस्थान में काम कर रहे अन्य राज्यों के आप कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी समारोह के दौरान कुमार विश्वास मोहन दास कर्मचंद गांधी की सराहना करते-करते बाबा साहब अंबेडकर पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी कर गए।
कुमार विश्वास के भाषण की कुल 56 मिनट 46 सेकेंड की वीडियो आम आदमी पार्टी राजस्थान नाम के फेसबुक पेज पर 3 अक्टूबर 2017 को अपलोड की गई है। इसी वीडियो में 50 मिनट 30 सेकेंड के बाद कुमार विश्वास कथित तौर पर बाबा साहब अंबेडकर के बारे में टिप्पणी करते दिखाई देते हैं। इसी समय के दौरान का 1 मिनट 7 सेकेंड का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फेसबुक-व्हाट्सएप पर वीडियो के वायरल होते ही अंबेडकरवादियों में गुस्सा देखनेे को मिल रहा है। लोग कुमार विश्वास और आम आदमी पार्टी पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं।
विजय बहादुर फेसबुक पर कुमार विश्वास पर लिखते हैं-आप ब्राह्मण कुल में पैदा हुए। इसलिए आप की ऐसी सोच है। किसी दलित के यहां पैदा होते तो पता चलता कि दलित वेदना क्या होती है। मेरी नजर में अब तक आप एक बुद्धिजीवी और स्पष्ट वक्ता हैं, पर अब पता चल गया कि आप केवल पाखंडी ब्राह्मण तक ही सीमित हैं। कृपया अब से समाज की बात मत कीजिएगा। आपने अपना असली चेहरा दिखा दिया। बेहद शर्मनाक।
कुलवीर सिंह लिखते हैं-इसकी (कुमार विश्वास) की असलियत और अपने लोगों के भोलेपन पर गुस्सा आता है। चनजीत सिंह कहते हैं-आप (कुमार विश्वास) भारत में जातिवादी व्यवस्था को क्यों नहीं तोड़ते। आप मनु की औलाद हैं, जो कि बाबा साहब अंबेडकर के बारे में बुरा बोल रहे हैं। आपकी पूरी तरह मनुवादी सोच है। आपको अपने आप पर शर्म आनी चाहिए।
सुनील कुमार बंगड़ लिखते हैं-शेम ऑन आम आदमी पार्टी।
सुमित कमेंट करते हैं-भाजपा, कांग्रेस और आप सब मनुवादियों, दलित विरोधियों की पार्टी है।
रविकांत कटारिया कहते हैं-ये (कुमार विश्वास) इस बात से खफा है कि झाड़ू लगाने वाले आज इनके लेवल में आ गए हैं तो इससे बर्दाश्त नहीं हो रहा है। बाबा साहब ने इनके ढोंगी जातिवादी ड्रामे को खत्म कर दिया, जो इससे बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मनीश शाक्य फेसबुक पर कुमार विश्वास से सवाल पूछते हैं-बाबा साहब ने जातिवाद पैदा किया, उससे पहले तो भारत बहुत सेकुलर देश था ना? पहले अपना इतिहास उठाकर देखो कि जातियां किसने बनाईं और इस देश को जाति के नाम पर किसने बांटा।
एडवोकेट दीपक कुमार कहते हैं-आम आदमी पार्टी का बहिष्कार करें। ये मनुवादी विचारधारा पर आधारित, आरक्षण विरोधी पार्टी है।