आस्क टू पी : ...जब पब्लिक प्लेस पर लडक़ों के पास शौच के लिए बैठ गई लडक़ी
Updated On: 2015-12-24 13:34:15
नई दिल्ली। भारत के मंगल ग्रह पर पहुंचने पर जहां गर्व होता है, वहीं इसी देश में टॉयलेट की व्यवस्था न होने पर अक्सर महिलाएं शर्म महसूस करती हैं। खासतौर पर सार्वजनिक स्थलों पर यह समस्या महिलाओं के लिए परेशानी खड़ी कर देती है।
महिलाओं की इन्हीं समस्याओं को सामने लाता एक जागरूकता वीडियो इन दिनों यू-ट्यूब पर दिखाई दे रहा है। आस्क टू पी (asktopee) नाम से चल रहे इस वीडियो में सडक़ किनारे लघुशंका कर रहे लडक़ों के बीच एक खूबसूरत लडक़ी पहुंच जाती है।
यह देखकर लडक़े हैरान हो जाते हैं और वहां से भाग निकलते हैं। दअरसल यह वीडियो सामाजिक जाकरूकता के लिए बनाया गया है। वीडियो में एक लडक़ी लोगों से टॉयलेट के बारे में पूछती है, लेकिन उसे अजीब से जवाब मिलते हैं।
अंत में वह सडक़ किनारे लडक़ों के पास ही लघुशंका के लिए बैठ जाती है। उसे अपने बीच देखकर वहां लघुशंका कर रहे दो लडक़े भाग खड़े होते हैं।
इस वीडियो का मकसद देश में महिलाओं की समस्या को उभारना है। देश में अभी भी सार्वजनिक स्थलों पर टॉयलेट की व्यवस्था न होने के चलते महिलाएं परेशानी झेलती हैं।
यहां तक कि भारत में अभी भी बड़ी गिनती में ऐसे घर हैं, जहां टॉयलेट न होने के चलते महिलाओं को बाहर खेतों में शौच के लिए जाना पड़ता है। इस दौरान कई महिलाओं व लड़कियों से बलात्कार जैसी घटनाएं भी होती हैं।
वीडियो में बीबीसी की 2014 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह बताया गया है कि अगर घरों में टॉयलेट की व्यवस्था होती तो पिछले साल करीब 11,000 महिलाओं से बलात्कार की घटनाएं न होतीं।
वीडियो के अंत में महिलाओं के अधिकार की बात की गई है। उनके सम्मान, सुरक्षा व सफाई के मुद्दे को उठाया गया है।
यू-ट्यूब पर अब तक इस वीडियो (asktopee) को 55 लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
Leave a Reply